किरीबुरू स्थित डी-26वीं वाहिनी परिसर में जवानों और अधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जवानों और वन विभाग ने मिलकर बढ़ाया हरियाली का संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के किरीबुरू क्षेत्र में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सारंडा स्थित डी-26वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट राजीव रंजन के निर्देशानुसार किया गया, जबकि इसका नेतृत्व सहायक कमांडेंट (एड्ज्यूटेंट) अरविंद कुमार रजक ने किया। इस अवसर पर अधिकारियों और जवानों ने परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रकृति के संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : विश्व पर्यावरण दिवस पर बहरागोड़ा में चला हरित अभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत हुआ व्यापक वृक्षारोपण
पौधारोपण के जरिए हरित भविष्य का दिया गया संदेश
सहायक कमांडेंट अरविंद कुमार रजक ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझाना है। उन्होंने बताया कि 26वीं बटालियन के विभिन्न कंपनी मुख्यालयों एवं आसपास के क्षेत्रों में भी पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में निरीक्षक जीडी निरंजन कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जीडी ललन यादव, सासंगदा वन रेंज के वन विभाग के कर्मचारी सहित डैट मुख्यालय के सभी अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सामूहिक भागीदारी का संदेश देते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
























