अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने हजारों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उड़ाए, लोगों में बढ़ी चिंता
लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत, गिरफ्तारी की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सेल के मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सेल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। 9 और 10 सितंबर की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने सामुदायिक भवन (क्लब) तथा उसके बगल स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सामानों की चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले सामुदायिक भवन के बाहर लगे दो बिजली खंभों की लाइट की तार नीचे से काट दी, जिससे पूरे परिसर में अंधेरा छा गया। अंधेरे का फायदा उठाकर चोर बेखौफ तरीके से परिसर में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : नाव के आकार में सजेगा गणेश पूजा का भव्य पंडाल, 14 सितंबर से शुरू होगा मेला
बिजली की तार काटकर अंधेरा किया, फिर दिया चोरी की वारदात को अंजाम
चोरों ने क्लब के मुख्य गेट के समीप स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कई कमरों को पार करते हुए स्टोर रूम तक पहुंच गए। वहां रखे साउंड सिस्टम से जुड़े मिक्सचर मशीन, एम्पलीफायर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा तीन हैलोजन लाइट चोरी कर ली गईं। इसके बाद चोरों ने बगल स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम को भी निशाना बनाया और वहां से केबल तार सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए। क्लब परिसर में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण पुलिस कैमरों में कैद संदिग्ध गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Gua : मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन – रामा पांडे
क्लब के स्टोर रूम से मिक्सचर, एम्पलीफायर और हैलोजन लाइट की चोरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेघाहातुबुरु में इससे पहले भी कई स्थानों पर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। मार्केट स्थित शराब दुकान, आसपास की दुकानों, प्रोस्पेक्टिंग क्षेत्र की एक दुकान तथा सेल के मेंटेनेंस ऑफिस का ताला तोड़कर भी चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए, लेकिन अब तक किसी बड़ी गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है। लगातार हो रही घटनाओं से सेल कर्मियों, दुकानदारों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



























