वर्षों से फैली गंदगी और झाड़ियों को हटाने की पहल, स्थानीय लोगों ने की सराहना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर–1 स्थित पानी टंकी पंप हाउस परिसर में लंबे समय से फैली गंदगी और झाड़-झंखाड़ को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता आखिरकार दूर होती दिखाई दे रही है। पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए अपने निजी खर्च से परिसर की सफाई का कार्य शुरू कराया है। वर्षों से उचित देखरेख के अभाव में पंप हाउस परिसर झाड़ियों और कचरे से भर गया था, जिससे वहां जहरीले सांप, बिच्छू और अन्य कीड़े-मकोड़ों का खतरा बढ़ गया था। इस स्थिति से पंप हाउस में कार्यरत कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार सफाई की मांग उठाए जाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर झरना मिश्रा ने स्वयं आगे बढ़कर पहल की।
इसे भी पढ़ें : Gua : नक्सल प्रभावित सारंडा में शिक्षा व्यवस्था पर संकट, स्कूल बस रोककर बच्चों और ग्रामीणों का प्रदर्शन
जनप्रतिनिधियों और कर्मियों के सहयोग से चल रहा अभियान
सफाई अभियान में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, कुमार विशाल तथा पंप हाउस के ऑपरेटर राम सिंह भी सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। अभियान के तहत परिसर में उगी घनी झाड़ियों, छोटे-बड़े पेड़ों और जमा कचरे को हटाया जा रहा है। मजदूरों की मदद से पूरे क्षेत्र को साफ कर सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित इस परिसर की हालत खराब हो चुकी थी और बरसात के मौसम में यहां जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा और बढ़ जाता था। सफाई कार्य शुरू होने से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बोल-बम के जयकारों के बीच देवघर रवाना हुआ टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन का जत्था
स्थानीय नागरिकों ने जताया आभार, नियमित सफाई की मांग
सफाई अभियान शुरू होने के बाद पंप हाउस परिसर में कार्यरत कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने झरना मिश्रा की इस पहल की खुले दिल से प्रशंसा की है। लोगों ने कहा कि यह कार्य काफी पहले हो जाना चाहिए था, लेकिन अब जनप्रतिनिधि द्वारा निजी खर्च से कराया जा रहा यह अभियान समाजसेवा और जनसरोकार का बेहतर उदाहरण बन गया है। स्थानीय नागरिकों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह नियमित साफ-सफाई और रखरखाव का कार्य जारी रहेगा। उनका मानना है कि इससे पानी टंकी पंप हाउस परिसर स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बना रहेगा तथा कर्मचारियों और आसपास के निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।























