- नालसा-झालसा के निर्देश पर आयोजित शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया
- न्यायिक पदाधिकारियों ने अधिकार और कर्तव्य के प्रति किया जागरूक
- विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाया
- 87.63 लाख रुपये की परिसंपत्ति का किया गया वितरण
- कानूनी सहायता लेने के लिए लोगों को किया गया जागरूक
- सांस्कृतिक परंपराओं ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों में मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत जिले भर में कुल 6332 लाभार्थियों के बीच लगभग 21.05 करोड़ रुपये मूल्य की परिसंपत्तियों और योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों से जोड़ना था। शिविरों के सफल संचालन के लिए न्यायिक पदाधिकारियों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल और अधिकार मित्रों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर में 30 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, आरपीएफ-जीआरपी की बड़ी कार्रवाई
सभी प्रखंडों में प्रशासनिक अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी

मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप में सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। शिविर के दौरान स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, ग्रामीण आवास, राजस्व, आपूर्ति एवं अन्य योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और कानूनी सहायता संबंधी जानकारी भी दी। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कार्टेल तोड़िए, पुरानी दर पर बिके चीनी – सरयू राय
जमशेदपुर प्रखंड में 151 लाभार्थियों को मिला लाभ
जमशेदपुर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम में परिवार न्यायालय के अपर न्यायाधीश धीरज कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य रंजना पांडेय, योगिता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन, सीडीपीओ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर 151 लाभार्थियों के बीच 87 लाख 63 हजार रुपये मूल्य की परिसंपत्तियों और विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। लाभार्थियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ग्रामीण आवास, मनरेगा एवं जेएसएलपीएस जैसी योजनाओं से जोड़ा गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोलमुरी में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता, क्षेत्र को ‘एक्सीडेंट जोन’ घोषित करने की मांग
न्यायिक पदाधिकारियों ने अधिकार और कर्तव्य पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर न्यायाधीश धीरज कुमार ने कहा कि अधिकारों की प्राप्ति तभी संभव है जब व्यक्ति अपने कर्तव्यों के प्रति सजग हो। उन्होंने परिवार और समाज में बढ़ती कटुता पर चिंता जताते हुए आपसी सामंजस्य बनाए रखने की अपील की। वहीं डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह, नशे के दुष्प्रभाव तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लोगों से किसी भी कानूनी समस्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता लेने का आग्रह किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आरक्षण खैरात नहीं, संवैधानिक अधिकार है: रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन पर बोले चिराग पासवान
पारंपरिक तरीके से हुआ अतिथियों का स्वागत
मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप में पहुंचे न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। प्रखंड मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने चंदन का टीका लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और फूलों की वर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विधिक जागरूकता, सामाजिक समरसता और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

























