आकाशदीप प्लाजा के समीप हुई दुर्घटना, मौके पर ही गई युवक की जान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आकाशदीप प्लाजा के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार आकाशदीप प्लाजा के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गिरने के तुरंत बाद पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन का पिछला चक्का उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें : Chandil : संपत्ति विवाद में पोते ने दादी पर किया जानलेवा हमला, टीएमएच में उपचार के दौरान मौत
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, मृतक की पहचान अब तक नहीं
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और उसके परिजनों के बारे में भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों और संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।























