वर्षों से चल रहे पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, क्षेत्र में फैली सनसनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : चांडिल के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन बस्ती की शिवपुरी कॉलोनी में संपत्ति विवाद को लेकर हुए हमले में 67 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पूर्व एएनएम सुप्रित्रि रानी मजूमदार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जमीन और रुपये-पैसे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच सुप्रित्रि रानी मजूमदार और उनके पोते विक्की मजूमदार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान विक्की ने तेजधार हथियार से अपनी दादी पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इसे भी पढ़ें : Adityapur : आदित्यपुर स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से यात्री की मौत, दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी बनी हादसे की वजह
पुलिस जांच में जुटी, आरोपित पोता घटना के बाद से फरार
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां से चश्मा, लाठी समेत कुछ अन्य सामान बरामद किए गए हैं। स्थानीय महिलाओं ने घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनने का दावा किया है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद आरोपित पोता विक्की मजूमदार फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।























