साउथ जाने वाली ट्रेन पकड़ने के प्रयास में फिसला यात्री, मौके पर हुई दर्दनाक मौत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में एक यात्री की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार मृतक आसनसोल से टाटा-छपरा ट्रेन में सवार होकर आ रहा था और आदित्यपुर स्टेशन पर उतरकर साउथ की ओर जाने वाली दूसरी ट्रेन पकड़ने की तैयारी में था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही टाटा-छपरा ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पहुंची, उसी समय प्लेटफॉर्म नंबर एक पर साउथ की दिशा में जाने वाली ट्रेन खड़ी थी। दूसरी ट्रेन छूटने के डर से यात्री जल्दबाजी में नीचे उतरने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की भीड़ जुट गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आदिवासी समाज की पहचान उसकी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से – संजीव सरदार
भीड़भाड़ के बीच हुआ हादसा, परिजनों ने रेल पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के साथ यात्रा कर रहे उसके साथी ने बताया कि ट्रेन में अत्यधिक भीड़ थी, जिसके कारण उतरने के दौरान धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई थी। भीड़ के बीच संतुलन खोने से यह हादसा हुआ। वहीं मृतक के परिजनों ने रेल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद यदि तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना काफी गंभीर थी और यात्री को गहरी चोटें आई थीं। घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से चलती ट्रेन से उतरने या जल्दबाजी में प्लेटफॉर्म बदलने से बचने की अपील की है।























