समीक्षा बैठक में अधिकारियों से पूछा— टेंडर के बाद भी सड़कें अधूरी क्यों, जनता को कब मिलेगा लाभ?
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर परिसदन में आयोजित ग्रामीण कार्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पोटका विधायक संजीव सरदार ने क्षेत्र की लंबित सड़क योजनाओं को लेकर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। बैठक में उन्होंने उन योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की, जिनका टेंडर होने के बावजूद दो-दो वर्षों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। विधायक ने अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर ऐसी कौन सी बाधा है जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं अधर में लटकी हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन ठेकेदारों ने कार्य शुरू नहीं किया है या अधूरा छोड़ दिया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए योजनाओं का शीघ्र री-टेंडर कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसे भी पढ़ें : Gua : रांजाबुरु खदान बंदी के बीच हाईवा चालक से मारपीट का आरोप, गंभीर हालत में भुवनेश्वर रेफर
सिरहा कंस्ट्रक्शन पर कार्रवाई की तैयारी, कई योजनाओं में नहीं हुआ अपेक्षित काम
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत सरमदा-सानग्राम, सादेडीह-पोरा, समाईडीह-खापरसाई और रोलाडीह-खापरसाई सड़क के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 7 अगस्त 2025 को सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित किया गया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर विभाग ने जनवरी 2026 में दो बार नोटिस जारी किया, लेकिन कंपनी ने न तो निर्माण कार्य शुरू किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। इसके बाद विभाग ने कंपनी को डिबार करने की अनुशंसा की है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि लगभग 11.14 करोड़ रुपये की लागत वाली कई अन्य सड़क योजनाओं में भी कंपनी ने केवल आंशिक कार्य किया है। कहीं सिर्फ वेट मिक्स मैकाडम बिछाया गया तो कहीं केवल गार्डवाल का निर्माण हुआ, जबकि कई सड़कों पर काम शुरू तक नहीं किया गया। लगातार नोटिसों के बावजूद प्रगति नहीं होने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया है।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : BRC डुमरिया के कंप्यूटर ऑपरेटर गाजिया मुर्मू का आकस्मिक निधन, शिक्षा विभाग में शोक की लहर
16.52 करोड़ की मरम्मत योजनाएं भी ठप, दूसरी कंपनी पर भी गिरी गाज
समीक्षा बैठक में यह भी सामने आया कि 16.52 करोड़ रुपये की लागत से हाता-जादूगोड़ा-भुजुडीह, दबंकी-गोबरागोड़ा-मानपुर, कुलडीहा-राखा माइंस रेलवे स्टेशन और शाहजोरी-सोनापास सड़क की विशेष मरम्मत योजनाएं भी लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं। इन कार्यों की जिम्मेदारी भी सिरहा कंस्ट्रक्शन को दी गई थी, लेकिन अधिकांश परियोजनाओं में कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हुई। केवल कुलडीहा से राखा माइंस रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण का सीमित कार्य किया गया है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन-बाहरदोरी-चेंगरा तथा कुदादा-छोटा तलसा सड़क सुदृढ़ीकरण योजना का कार्य मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया था। विभाग ने इस कंपनी को मार्च, अप्रैल और मई 2026 में लगातार नोटिस जारी किए, लेकिन कार्य प्रारंभ नहीं होने पर इसे भी डिबार करने की अनुशंसा कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि अब इन सभी योजनाओं को नए सिरे से आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : परसुडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 510 ग्राम गांजा के साथ शशि कुमार भगत उर्फ दिलखुश गिरफ्तार
विकास कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश
विधायक संजीव सरदार ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण ग्रामीण विकास की आधारभूत आवश्यकता है और इसमें लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की नियमित निगरानी की जाए तथा जिन एजेंसियों ने कार्य में रुचि नहीं दिखाई है, उनके विरुद्ध नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है और जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है। बैठक में कार्यपालक अभियंता नीरज कुमार मिश्र, सहायक अभियंता अमरजीत कुमार सिंह, कनीय अभियंता विकास कुमार केशरी, इंदु शेखर दुबे, राजा हेम्ब्रम और रितेश कुमार सिंह सहित विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : VB-G-RAM-G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 11 से 14 अगस्त तक चलेगा विशेष प्रशिक्षण अभियान
पोटका को मिली नई सौगात, तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का जल्द होगा भूमिपूजन
बैठक के दौरान पोटका क्षेत्र के लिए एक अच्छी खबर भी सामने आई। विधायक संजीव सरदार ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन जल्द किया जाएगा। इनमें गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक 3.3 किलोमीटर सड़क का निर्माण 3.29 करोड़ रुपये, हल्दीपोखर चौक से मुस्लिम बस्ती होते हुए हेंसल सीमा तक 2.1 किलोमीटर सड़क का निर्माण 1.22 करोड़ रुपये तथा हेंसलामदा पंचायत के दीगरसाईं से पोडसागोड़ा तक 1.85 किलोमीटर सड़क का निर्माण 1.68 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। विधायक ने कहा कि ‘विकसित पोटका’ उनका संकल्प है और सड़क, बिजली, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।























