जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को दी जाएगी योजना की विस्तृत जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावाँ जिले में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G-RAM-G) योजना के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर 11 से 14 अगस्त 2026 तक विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होगा, जिसमें योजना से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मियों तथा जनप्रतिनिधियों को योजना के विभिन्न प्रावधानों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान योजना निर्माण (Planning), स्वीकृति, क्रियान्वयन, मजदूरी भुगतान, सामाजिक अंकेक्षण तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य योजना के क्रियान्वयन में एकरूपता लाना तथा संबंधित सभी हितधारकों को आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्व छात्र नेता जाकिर अली की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग तेज
11 और 12 अगस्त को जिला एवं प्रखंड स्तर पर होगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 11 अगस्त को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण से होगी। यह प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं कंप्यूटर सहायक भाग लेंगे। इन्हें राज्य स्तर पर प्रशिक्षित पदाधिकारी एवं कर्मी प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद 12 अगस्त को संबंधित प्रखंड कार्यालयों में प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक, लेखा सहायक तथा बीएफटी (BFT) भाग लेंगे। इस प्रशिक्षण का संचालन जिला स्तर पर प्रशिक्षित पदाधिकारी एवं कर्मी करेंगे। प्रशासन का मानना है कि इन प्रशिक्षणों से योजना के संचालन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों का समाधान भी सुनिश्चित होगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : दूसरी सोमवारी पर गुवा के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
पंचायत स्तर पर 13 और 14 अगस्त को प्रशिक्षण, नोडल पदाधिकारी होंगे नियुक्त
योजना के अंतिम चरण में 13 एवं 14 अगस्त को संबंधित पंचायत भवनों में पंचायत स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें वार्ड सदस्य, महिला मेट एवं बागवानी सखी शामिल होंगी। पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण के सफल संचालन के लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक समन्वय और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन हेतु कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, लेखा सहायक अथवा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण) की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों और प्रतिभागियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने का निर्देश दिया है, ताकि VB-G-RAM-G योजना का जिले में प्रभावी, पारदर्शी और परिणामकारी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।























