झामुमो कार्यकर्ताओं ने शिव मंदिर परिसर में लगाए पौधे, महाप्रसाद का भी किया वितरण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुसाबनी : मुसाबनी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के अवसर पर “एक पेड़ हेमंत दा के नाम” कार्यक्रम के तहत पौधारोपण अभियान चलाया गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) मुसाबनी प्रखंड समिति के अध्यक्ष प्रधान सोरेन के नेतृत्व में मेड़िया गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर झामुमो नेता गौरांग माहली, प्रखंड सचिव महेश्वर हांसदा, कोषाध्यक्ष पालु मांझी, बिराम मुर्मू सहित समिति के कई सदस्य, महिला कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना भी की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सावन की दूसरी सोमवारी पर हुआ भव्य रुद्राभिषेक, बन्ना गुप्ता ने झारखंड की सुख-समृद्धि की कामना की
तेरेंगा पंचायत में भी चला हरियाली अभियान, कठल और जामुन के पौधे लगाए गए
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर राज्यव्यापी कार्यक्रमों के तहत मुसाबनी प्रखंड की तेरेंगा पंचायत में भी पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। झामुमो प्रखंड कमिटी के निर्देश पर पंचायत कमिटी की ओर से केंदाडीह हाट बाजार मैदान में पौधे लगाए गए। पंचायत अध्यक्ष महेश्वर किस्कु के नेतृत्व में कठल और जामुन के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का माध्यम है। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सुरेश हासंदा, प्रधान सोरेन, दिनु मुर्मू, बोलाय हासंदा, सुनील किस्कु सहित झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
























