गुप्त सूचना पर कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : क्षेत्र में तेजी से फैल रहे अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बहरागोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। शनिवार को गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम ने ब्लॉक मोड़ के समीप घेराबंदी कर मोहनपुर निवासी 45 वर्षीय मोती रंजन राणा (पिता- संतोष राणा) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2,700 अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल टिकटों को जब्त कर आरोपी को थाना ले जाकर पूछताछ शुरू की। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा का तीन दिवसीय सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण शुरू, वाद-मुक्त ग्रामीण भारत पर जोर
मामला दर्ज, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस ने इस मामले में बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 44/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह के गैरकानूनी कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।



























