238 विद्यार्थियों ने लिया भाग, विशेषज्ञों ने साझा किया रचनात्मक अनुभव
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित तुलसी भवन में सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा हिन्दी रचनाधर्मिता पर आधारित एकदिवसीय कार्यशाला ‘युवा रचनाकार’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मुनका ने की, जबकि स्वागत भाषण एवं विषय प्रवेश राम नन्दन प्रसाद ने प्रस्तुत किया। संचालन प्रसन्न वदन मेहता और डॉ. अजय कुमार ओझा ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं के.के. बिल्डर्स के प्रबंध निदेशक विकास सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और उपासना सिन्हा द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इस आयोजन में शहर के 29 विद्यालयों से कुल 238 छात्र-छात्राओं एवं उनके शिक्षकों ने भाग लिया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : आदिवासी पहचान के लिए सरना धर्म कोड जरूरी, जनगणना में अलग कॉलम की मांग तेज
कथा, काव्य और संवाद सत्रों में विशेषज्ञों ने दी रचनात्मक दिशा
कार्यशाला को विभिन्न सत्रों में विभाजित किया गया था, जिसमें कथा, काव्य और संवाद-सम्प्रेषण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। कथा सत्र में डॉ. मुदिता चन्द्रा ने अपने अनुभव साझा किए, जबकि समन्वय सुरेश चन्द्र झा ने किया। काव्य सत्र में पामेला घोष दत्ता ने विद्यार्थियों को कविता लेखन की बारीकियों से अवगत कराया और समन्वय ब्रजेन्द्र नाथ मिश्र ने संभाला। वहीं संवाद, सम्प्रेषण एवं समाचार लेखन सत्र में अवतार सिंह ने व्यावहारिक जानकारी दी और समन्वय वसंत जमशेदपुरी द्वारा किया गया। इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक लेखन की गहराई और अभिव्यक्ति के विविध आयामों को समझने का अवसर मिला।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू में नशे में बाइक चला रहे युवक ने किशोरी को मारी टक्कर, दोनों घायल
समापन सत्र में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समापन सत्र में छात्र-छात्राओं ने स्वरचित काव्य पाठ प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि शिक्षकों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। भोजनावकाश के दौरान निनाद संस्था द्वारा पूनम महानंद के संचालन में भजन जैमिंग की प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. यमुना तिवारी ‘व्यथित’, वीणा पाण्डेय भारती, अशोक पाठक ‘स्नेही’, रीना सिन्हा सहित अनेक साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सह सचिव प्रकाश मेहता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सफलता पर संतोष जताया।






















