ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग, कम राशन देने तथा जुलाई माह का अनाज नहीं मिलने की शिकायत
कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में बढ़ी नाराजगी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत कोलपोटका पंचायत के प्रधानपाली गांव में बुधवार को राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने राशन डीलर महिला स्वयं सहायता समूह रेंगाड़बेड़ा पर सरकारी राशन वितरण में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि राशन कार्ड में दर्ज कुछ मृत व्यक्तियों के नाम अब तक नहीं हटाए गए हैं और उनके नाम पर भी अनाज का उठाव किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : एनएच-49 और 18 के जंक्शन पर पुलिस का छापा, नई टाटा कर्व कार से 113 किलो गांजा जब्त
मृतकों के नाम पर राशन उठाव का आरोप

राशन कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि अंत्योदय एवं बीपीएल कार्डधारकों को नियमानुसार प्रति यूनिट पांच किलोग्राम अनाज मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार प्रति यूनिट करीब एक किलो या उससे अधिक अनाज कम दिया जा रहा है। कई लाभुकों ने यह भी शिकायत की कि जुलाई माह का राशन अब तक उन्हें नहीं मिला है। उनका कहना है कि राशन मांगने पर उन्हें बार-बार आज-कल आने की बात कहकर टाल दिया जाता है। राशन कार्डधारी अशोक कुम्हार ने बताया कि उनके पिता बीतना कुम्हार का लगभग दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है, लेकिन उनका नाम अभी तक राशन कार्ड से नहीं हटाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मृत व्यक्ति के नाम पर भी राशन का उठाव किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : एनएच-49 पर अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 45 मवेशी बरामद
कम राशन देने और जुलाई का अनाज नहीं मिलने की शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर करीब चार माह पूर्व तत्कालीन एमओ प्रभार सह अंचल अधिकारी को लिखित शिकायत भी सौंपी गई थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, अनियमितता की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा संबंधित राशन डीलर को हटाने की मांग की। वहीं, इस मामले में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका।



























