मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘सहयोग पोर्टल’ और हेल्पलाइन की शुरुआत, डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम
बिहार में डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पटना : पटना में बिहार सरकार ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संवाद भवन में ‘सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100’ और ‘सहयोग पोर्टल’ का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देना और घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता की समस्याओं का समाधान तेज गति से होगा।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ता सुजय सिंह की माता जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
बिहार सरकार की नई डिजिटल शिकायत प्रणाली की शुरुआत
नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक बिजली, पानी, सड़क, राशन, पेंशन, जमीन विवाद, सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी या किसी भी विभाग से जुड़ी शिकायत सीधे सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। जो लोग ऑनलाइन सुविधा का उपयोग नहीं कर सकते, वे हेल्पलाइन नंबर 1100 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। हेल्पलाइन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक सक्रिय रहेगी। कॉल के दौरान अधिकारी शिकायत दर्ज करेंगे और शिकायतकर्ता को उसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जहां सरकारी कार्यालयों तक पहुंच कठिन होती है।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : सोने की कीमतों में गिरावट, पीएम मोदी की अपील और वैश्विक तनाव से बाजार में हलचल
हेल्पलाइन 1100 से आम लोगों को बड़ी राहत की उम्मीद
ऑनलाइन शिकायत दर्ज होने पर आवेदक को एक रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाएगा, जिसके माध्यम से वह अपनी शिकायत की स्थिति को ट्रैक कर सकेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि हर शिकायत संबंधित विभाग को भेजी जाएगी और उसे 30 दिनों के भीतर निपटाना अनिवार्य होगा। समाधान के बाद आवेदक को लिखित सूचना भी दी जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोग सीधे अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रख सकेंगे। सरकार का दावा है कि मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान संभव होगा, जिससे जनता को त्वरित राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : राधा रानी क्लब बदहाली का शिकार, खंडहर में तब्दील हुआ भवन
30 दिन में शिकायत समाधान का नया नियम लागू
सरकार ने इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य प्रशासनिक सुधार और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करना बताया है। आधिकारिक वेबसाइट sahyog.bihar.gov.in के माध्यम से लोग अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिसमें नाम, मोबाइल नंबर, विभाग चयन और समस्या का विवरण भरना होगा। आवश्यकता पड़ने पर दस्तावेज और फोटो भी अपलोड किए जा सकते हैं। शिकायत सबमिट होते ही रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त होगा, जिससे ऑनलाइन स्थिति देखी जा सकेगी। सरकार का दावा है कि यह पहल न केवल समय की बचत करेगी बल्कि सरकारी विभागों की कार्यशैली में भी सुधार लाएगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद करेगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 49 गर्भवती महिलाओं की जांच
ऐसे दर्ज करें शिकायत
- सबसे पहले मोबाइल या कंप्यूटर में
- sahyog.bihar.gov.in
- वेबसाइट खोलनी होगी।
- इसके बाद अपना नाम, मोबाइल नंबर और जरूरी जानकारी भरनी होगी।
- फिर जिस विभाग से शिकायत जुड़ी है, उसे चुनकर अपनी समस्या लिखनी होगी।
- जरूरत पड़ने पर दस्तावेज या फोटो भी अपलोड किए जा सकते हैं।
- शिकायत सबमिट होते ही एक रजिस्ट्रेशन नंबर मिलेगा, जिससे लोग अपनी शिकायत का स्टेटस ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।























