भाजपा और जदयू ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, चुनावी तैयारियों को मिला नया आयाम
जदयू ने भी खोले पत्ते, संगठन को चुनावी मोड में लाने के निर्देश
उम्मीदवारों की घोषणा के बाद बिहार में चुनावी गतिविधियां हुईं तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पटना : बिहार विधान परिषद (एमएलसी) के द्विवार्षिक चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी रण में बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विशेष रूप से पवन सिंह को टिकट दिए जाने को भाजपा की जनाधार बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि इन चेहरों के जरिए विभिन्न वर्गों तक प्रभावी पहुंच बनाई जा सकेगी। भाजपा की इस सूची ने आगामी चुनाव को और अधिक दिलचस्प बना दिया है।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : जलयात्रा और विश्व पर्यावरण दिवस पर डुमरिया में जागरूकता की अलख, 200 से अधिक पौधे लगाए गए
पवन सिंह की एंट्री से चुनावी मुकाबले में बढ़ी दिलचस्पी
वहीं जनता दल (यूनाइटेड) ने भी 2026 के बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव और उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से बिहार जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से आधिकारिक सूची जारी की गई। विधानसभा की रिक्त सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए शेखपुरा निवासी ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को औपचारिक रूप से गति दे दी है। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और उम्मीदवारों के समर्थन में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोनों प्रमुख दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद बिहार की चुनावी राजनीति अब और अधिक सक्रिय और प्रतिस्पर्धी होने वाली है।
























