JTDS और नाबार्ड की पहल से स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे
कुमडीह में 10 दिवसीय कौशल प्रशिक्षण का सफल समापन
पेपर प्लेट एवं दोना निर्माण की मिली व्यावहारिक जानकारी
समापन समारोह में मशीन और डाई किए गए वितरित
150 महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद
‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा जमीनी स्तर पर बल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुमडीह में झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS), डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा संचालित तथा नाबार्ड समर्थित लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (LEDP) के तहत आयोजित 10 दिवसीय कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें पहला चरण 7 से 14 सितंबर 2026 तथा दूसरा चरण 20 से 21 सितंबर 2026 तक चला। कार्यक्रम में पांच स्वयं सहायता समूहों की कुल 50 महिलाओं ने भाग लेकर स्वरोजगार आधारित कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : रांची में तृतीय झारखंड राज्य महिला सम्मेलन संपन्न, 43 सदस्यीय नई राज्य कमेटी गठित
प्रशिक्षण में महिलाओं ने सीखी उत्पादन की आधुनिक तकनीक

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पेपर प्लेट एवं दोना निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया। महिलाओं को मशीन संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पाद पैकेजिंग, विपणन रणनीति और बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें आय के स्थायी स्रोत उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उद्यमिता के प्रति रुचि दिखाई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सुगम सरायवाला बने जेसीएएस के नए अध्यक्ष, विकास और नवाचार पर रहेगा विशेष फोकस
स्वयं सहायता समूहों को मिली नई उत्पादन इकाई
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर JTDS, डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डबल डाई सेमी-ऑटोमेटिक पेपर प्लेट मशीन उपलब्ध कराई गई। इसके साथ 12 इंच, 8 इंच और 6 इंच आकार के डाई भी प्रदान किए गए, जिनकी सहायता से विभिन्न आकार के पेपर प्लेट और दोना तैयार किए जा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इसी इकाई में 17 जून 2026 को नाबार्ड के सहयोग से दो पेपर प्लेट निर्माण मशीनों का शुभारंभ किया गया था। कार्यक्रम में JTDS के डीपीएम नीरज नयन सहित कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : कांग्रेस की समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार, मतदाता सूची और जनसमस्याओं पर मंथन
महिला उद्यमिता को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
परियोजना के तहत उपलब्ध कराई गई मशीनों से कुमडीह और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय सृजन के अवसर प्राप्त होंगे। JTDS के अनुसार इस पहल से लगभग 150 महिलाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है। साथ ही स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और “वोकल फॉर लोकल” अभियान को भी मजबूती मिलेगी। यह पहल ग्रामीण महिला उद्यमिता को सशक्त करने के साथ-साथ गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



























