जिला स्तरीय चैंपियनशिप में 9 स्वर्ण जीतकर बढ़ाया मान
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के द्रोणाचार्य हापकिडो अकादमी के खिलाड़ियों ने जमशेदपुर के बागबेड़ा में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय हापकिडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में अकादमी के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 9 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक, 4 ने रजत और 2 ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्वर्ण पदक जीतने वालों में पूनम सोरेन, ओलिवा सेन, अर्णव सिंह, विदिशा गुसाईं, पूनम मुंडा, रोहन खंडवाल, युवराज सिंह, रेयांश कुमार और आरवी कोंडापल्ली शामिल रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : सेंदरा शिकार पर्व पर वन विभाग सख्त, हाता में चला सघन जांच अभियान
रजत और कांस्य पदक विजेताओं ने भी दिखाया दमखम
रजत पदक तानिया गुप्ता, प्रज्ञा झा, शशांक नंबूदरी और सिद्धार्थ मंडल ने जीता, जबकि कांस्य पदक मोनालिसा और सुभोदीप पाल को मिला। प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरप्रीत सिंह काले ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हापकिडो आत्मरक्षा की एक महत्वपूर्ण कला है, जो वर्तमान समय में हर बच्चे के लिए आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल देखा गया।























