तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से हाट-बाजार व खेल गतिविधियां प्रभावित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के सारंडा में शनिवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। करीब 12:15 बजे के बाद तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और आसपास के इलाकों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई घरों की छतों से पानी टपकने लगा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर रही, जहां लोग घरों में घुसे पानी को निकालने में जुटे रहे। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया और दैनिक कार्य पूरी तरह बाधित हो गए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में मई दिवस पर जनसैलाब, मजदूर-किसान अधिकारों के लिए गूंजे नारे
शनिचरा हाट और क्रिकेट प्रतियोगिता पर पड़ा असर
बारिश का सीधा असर मेघाहातुबुरु में लगने वाली प्रसिद्ध शनिचरा हाट पर पड़ा, जहां दुकानदार अपनी दुकानें नहीं लगा सके और व्यापार ठप हो गया। वहीं किरीबुरू मैदान में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता भी पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों को निराशा हाथ लगी। बाहरी क्षेत्रों से आए खिलाड़ी मौसम की मार से खासे परेशान दिखे। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन में भी ठंड का एहसास होने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का यह सिलसिला जारी रहा तो जनजीवन पर इसका प्रभाव और गहरा हो सकता है।























