कई जिलों में भारी नुकसान, मौसम के अचानक बदलाव ने बढ़ाई चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिहार : पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। तेज तूफान, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले तक भीषण गर्मी और उमस के बाद अचानक मौसम ने करवट ली। सोमवार की देर दोपहर से ही कई जिलों में काले बादल छा गए और शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं शुरू हो गईं। इस प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : सुपर अल नीनो का खतरा: भारत में भीषण गर्मी और सूखे का बढ़ा अलर्ट
पूर्वी चंपारण, गया और पटना समेत कई जिलों में मौतें
मृतकों की संख्या अलग-अलग जिलों से लगातार सामने आ रही है। पूर्वी चंपारण में पांच लोगों की मौत हुई, जबकि पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र में पेड़ गिरने और दीवार ढहने से दो लोगों ने जान गंवाई। गया और औरंगाबाद में तीन-तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा वैशाली, सीतामढ़ी और भोजपुर से भी मौत की खबरें आई हैं। सीतामढ़ी में तूफान के दौरान बिजली का खंभा गिरने से दो महिलाओं—रकीबा खातून और निकहत परवीन—की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 6 से 10 मई के बीच झारखंड में बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
हाई-टेंशन तार पर पेड़ गिरने से अफरातफरी, बड़ा हादसा टला
रोहतास जिले में बिजली गिरने से 25 वर्षीय बलवंत पासवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। वहीं कटिहार रेलवे मंडल के आजमनगर स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक पेड़ की भारी डाल हाई-टेंशन ओवरहेड तार पर गिर गई। इससे तार में आग लग गई और प्लेटफॉर्म पर धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर ट्रेन को करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा। रेलवे अधिकारियों की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित किया गया और बाद में ट्रेन परिचालन बहाल किया गया।
इसे भी पढ़ें : Potka : मंगलासाई एकलव्य विद्यालय में स्थानीय छात्रों को प्राथमिकता देने की उठी मांग
बिजली आपूर्ति ठप, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
इस आपदा के कारण कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गिरे हुए पेड़ों और बिजली के खंभों ने सड़कों को बाधित कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही राज्य में तूफान, बारिश और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की थी। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है, क्योंकि आने वाले दिनों में भी मौसम की स्थिति अस्थिर बनी रह सकती है।

























