90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत बाल विवाह, साइबर ठगी और मानव तस्करी पर दी गई जानकारी
केंदमुड़ी गांव में शिविर लगाकर निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी
डालसा के न्याय रथ से गांव-गांव पहुंच रही कानूनी सहायता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : नालसा एवं झालसा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान के तहत रविवार को न्याय रथ पोटका प्रखंड के सुदूर गांवों में पहुंचा। डालसा की टीम में शामिल पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर्स) ने गांव-गांव जाकर लोगों के बीच विधिक जागरूकता अभियान चलाया और कानूनी जानकारी दी। न्याय रथ सानग्राम गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाकर बुकलेट और पंपलेट वितरित किए गए। लोगों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, डायन प्रथा, मानव तस्करी, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी तथा वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : भव्य कलश यात्रा के साथ गोपालपुर में श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ
ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता अभियान को मिली रफ्तार
न्याय रथ इसके बाद हेंसलबिल पंचायत के केंदमुड़ी गांव पहुंचा, जहां शिविर लगाकर ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सेवा की जानकारी दी गई। डालसा टीम ने बताया कि शोषित, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना संगठन का मुख्य उद्देश्य है तथा उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों को बताया गया कि वे पंचायत स्तर पर संचालित विधिक सहायता केंद्र से संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। शिविर के दौरान प्राप्त शिकायतों को लेकर लोगों को डालसा सचिव के नाम आवेदन देने की सलाह दी गई ताकि उनकी समस्याओं का उचित समाधान हो सके। इस अभियान में कई पीएलवी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई।























