- रनिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा
- झाड़ियों में छिपाकर रखा गया डोडा बरामद, फरार आरोपियों की तलाश तेज
- मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खूंटी : खूंटी-गुमला जिले के सीमावर्ती क्षेत्र भालूटोली के पास रनिया पुलिस ने रविवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा से लदे एक ट्रक को जब्त किया। पुलिस ने ट्रक से 50 बोरा डोडा बरामद किया, जिससे इलाके में मादक पदार्थ तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक, खलासी और डोडा खरीददार मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब चार बजे खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि भालूटोली क्षेत्र में अवैध डोडा की बड़ी खेप पहुंचाई गई है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : Musabani : झामुमो नेताओं ने जयपाल सिंह बानरा एवं परिवार को दी श्रद्धांजलि
सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थ तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की तो संदिग्ध लोग पुलिस को देखकर भाग निकले। तलाशी के दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया डोडा भी बरामद हुआ, जिसे बाद में जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मौके से एक ट्रक भी कब्जे में लिया, जिसमें अवैध डोडा लदा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि डोडा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां भेजा जाना था, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक के नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जल्द ही फरार चालक, खलासी तथा अन्य संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इलाके में छापेमारी तेज कर दी है।






















