बर्मामाइंस से गोविंदपुर और मानगो तक फैला था नशे का कारोबार, अंतरजिला सिंडिकेट का खुलासा
छापेमारी में मुख्य आरोपी समेत कई गिरफ्तार, सप्लाई चैन का खुलासा
सरायकेला कनेक्शन की जांच जारी, पुलिस का सख्त अभियान तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के एक संगठित और अंतरजिला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बर्मामाइंस थाना कांड संख्या-20/26 के तहत की गई इस कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 175 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 26.84 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई, जिसमें पता चला कि गांधी नगर बस्ती स्थित संतोष सिंह अपने घर से अवैध मादक पदार्थ का कारोबार चला रहा है। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टेल्को मिश्रा बागान फायरिंग कांड का खुलासा, पुरानी रंजिश में चली गोली; दो आरोपी गिरफ्तार
नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी छापेमारी, कई पुड़िया बरामद
छापेमारी के दौरान संतोष सिंह के घर से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसके बाद उसे उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे सप्लाई नेटवर्क को खंगालते हुए गोविंदपुर क्षेत्र से गौरव कुमार उर्फ अमर और अमित कुमार को भी गिरफ्तार किया, जिनके पास से क्रमशः 20 और 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा मानगो क्षेत्र के मुख्य पेडलर संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली को 12 पुड़िया के साथ पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था और युवाओं को नशे की लत में धकेल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह अंतरजिला स्तर पर नेटवर्क के रूप में काम कर रहा था और सप्लाई चेन को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा था।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पोटका के सुदूर गांवों में पहुंचा डालसा का न्याय रथ, ग्रामीणों को दी गई विधिक जानकारी
पुलिस ने नशे के अंतरजिला नेटवर्क का किया खुलासा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी संतोष सिंह पर बर्मामाइंस थाना में कई गंभीर केस दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में सरायकेला जिले में करीब 16.50 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की गई थी और प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार उसी बड़े सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। इस कार्रवाई को जमशेदपुर पुलिस की नशा विरोधी मुहिम में बड़ी सफलता माना जा रहा है और आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।






















