मैदान में दोस्तों संग खेल रहे युवक के सामने अचानक पहुंचा जंगली हाथी, गांव में दहशत का माहौल
वन विभाग ने लोगों से हाथियों से दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के लुगाहारा गांव में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैदान में दोस्तों के साथ खेल रहे सोनू महतो का सामना अचानक एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी को अपनी ओर बढ़ता देख सोनू ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत वहां से दौड़ लगा दी और जान बचाने के लिए अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ दी। युवक के भागने के बाद गुस्साए हाथी ने बाइक को अपनी सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग डर के मारे सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और युवक बाल-बाल बच गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : मेचूआ गांव में फ्लड लाइट फुटबॉल महाकुंभ का आयोजन, 32 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले
जंगल क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लुगाहारा और आसपास के जंगल क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही अक्सर बनी रहती है। कई बार हाथियों के झुंड गांवों के समीप पहुंच जाते हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता है। घटना के बाद वन विभाग एवं ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों के करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने की गलती न करें। विशेषज्ञों के अनुसार, हाथी खतरा महसूस होने पर अचानक आक्रामक हो सकते हैं और किसी भी समय हमला कर सकते हैं। ग्रामीणों से जंगल या सुनसान क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने तथा सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।























