पूर्वी सिंहभूम में बूथ लेवल एजेंटों को मतदाता सूची अद्यतन और पुनरीक्षण प्रक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण
बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाउन हॉल सभागार में पूर्वी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, सोमेश सोरेन और सविता महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर में बीएलए को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य, एसआईआर मैपिंग, विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया तथा योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों का नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई, जिनके नाम किसी कारणवश सूची से हट गए हैं। नेताओं ने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची को अधिक सटीक और समावेशी बनाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : डुमरिया में बड़ा सड़क हादसा टला, होरगाडा पुलिया से नीचे गिरा लोहा लदा ट्रक
मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधार की प्रक्रिया पर दिया गया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग ढाई लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर होने की जानकारी सामने आई है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम नहीं रहने से नागरिकों को भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बीएलए को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित कराने की दिशा में सक्रिय रहने का आह्वान किया। झामुमो नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने तथा पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी योग्य मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : खण्डामौदा आरोग्य मंदिर में गूंजा स्वच्छता का संदेश, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश























