बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण परेशान, बच्चों की पढ़ाई और जनजीवन प्रभावित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड की हेंसड़ा पंचायत अंतर्गत बानाकाटा गांव के सीधाडीह टोला में 10 केवी का ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब 30 परिवार पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है। कई बार बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर सोमवार को ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर के सामने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन पर मुसाबनी में पौधारोपण, “एक पेड़ हेमंत दा के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन
जंगल से सटे गांव में बढ़ी मुश्किलें, ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की
ग्रामीण फिरोज सरदार ने बताया कि सीधाडीह टोला जंगल के किनारे स्थित है, जहां अक्सर जहरीले सांपों का खतरा बना रहता है। रात के समय अंधेरा रहने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।























