मेदासाई खजूर पुलिया के पास गार्डवाल से टकराने के बाद पेड़ से भिड़ी पिकअप
गंभीर रूप से घायल एक युवक राउरकेला रेफर
सड़क हादसे में छह बारातियों को प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घटना रात करीब साढ़े दस बजे मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई खजूर पुलिया के पास हुई। जानकारी के अनुसार, आनंदपुर प्रखंड के रोबोकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरता गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के गुरिंडिया प्रखंड अंतर्गत चांदीपोष थाना क्षेत्र के सरगीगड़ा गांव निवासी करीब एक दर्जन बाराती पिकअप वैन (OD 13 N 8019) से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गार्डवाल से टकरा गई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ टूटकर गिर गया और पिकअप भी पलट गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया करवा चौथ, महिलाओं ने रखा व्रत
मेदासाई में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराकर पलटी बारातियों की पिकअप

हादसे के दौरान 21 वर्षीय संकित कुजूर पिकअप और टूटकर गिरे पेड़ के बीच बुरी तरह दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संकित कुजूर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते : खड़गपुर मंडल में 16 नाबालिग लड़कों को आरपीएफ ने बचाया
पेड़ और पिकअप के बीच दबे युवक की मौत, अस्पताल में सात घायलों का इलाज
हादसे में 24 वर्षीय एलेक्सियू सरदार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं, 40 वर्षीय रोबिन कुजूर, 33 वर्षीय पौलुष धान, 21 वर्षीय पत्रस बरवा, 21 वर्षीय प्रताप मिंज, 19 वर्षीय पूर्णो मिंज और 24 वर्षीय समित कुजूर को आंशिक चोटें आईं। सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।























