सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर समेत गुजरात, पुणे और चेन्नई में मिलेगा रोजगार का अवसर 27 और 30 अक्टूबर को जिला नियोजनालय में
- सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर समेत गुजरात, पुणे और चेन्नई में मिलेगा रोजगार का अवसर
- 27 और 30 अक्टूबर को जिला नियोजनालय में हुए साक्षात्कार
- जिला नियोजनालय के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल, सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावां : जिले के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 और 30 अक्टूबर 2026 को जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला-खरसावां में रोजगार शिविरों का आयोजन किया गया। दोनों शिविरों में विभिन्न नियोजक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता और तकनीकी दक्षता का आकलन किया। जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सीमा लकड़ा ने बताया कि रोजगार शिविर में रामकृष्णा कास्टिंग सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, ए.के. इंटरप्राइजेज, युवा शक्ति फाउंडेशन और यूनिक सॉल्यूशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए कुल 55 योग्य अभ्यर्थियों को प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के तहत शॉर्टलिस्ट किया गया। इन अभ्यर्थियों को सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर, गुजरात, पुणे और चेन्नई स्थित प्रतिष्ठानों में रोजगार का अवसर मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
सरायकेला में रोजगार शिविर से 55 युवाओं को मिला नौकरी का अवसर, पांच नियोजक कंपनियां रहीं शामिल
रोजगार शिविर में ट्रेनी, सीएनसी मशीन ऑपरेटर, जनरल फिटर, मार्केटिंग असिस्टेंट, एमआईजी वेल्डर, गैस वेल्डर, फैब्रिकेटर, प्लाज्मा सीएनसी रोबो ऑपरेटर, वीएमसी ऑपरेटर, टर्नर मशीनिस्ट और फोर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर समेत कई तकनीकी एवं अन्य पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के माध्यम से समय-समय पर रोजगार शिविर और रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जिला नियोजनालय में अपना निबंधन अवश्य कराएं और भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार शिविरों एवं रोजगार मेलों में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियोजनालय के माध्यम से आयोजित सभी रोजगार शिविरों और नियोजन संबंधी सेवाओं की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी अभ्यर्थी को नौकरी पाने या चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा की महिला ने देवर-देवरानी पर लगाया मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
सीएनसी ऑपरेटर से वेल्डर तक के पदों पर भर्ती, युवाओं को निःशुल्क नियोजन सुविधा
दोनों रोजगार शिविरों के सफल आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सीमा लकड़ा, वाई.पी. (मॉडल कैरियर सेंटर) रवि प्रकाश सिंह, रमण कुमार, सुजीत सरदार सहित नियोजनालय के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान विभिन्न नियोजक संस्थानों के मानव संसाधन (एचआर) प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। नियोजनालय की ओर से बताया गया कि रोजगार शिविरों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। अलग-अलग शहरों और राज्यों में नियुक्ति के अवसर मिलने से अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। जिला नियोजनालय ने युवाओं से सरकारी रोजगार सूचनाओं पर नजर रखने, अपना निबंधन अद्यतन रखने और अपनी योग्यता के अनुरूप आयोजित होने वाले आगामी शिविरों में भाग लेने की अपील की है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।