घर और दुकान के बंटवारे को लेकर वर्षों से चल रहा विवाद
28 अक्टूबर को घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप
मारपीट की शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड स्थित अजय ऑटो पार्ट्स दुकान के समीप रहने वाली ललिता देवी ने अपने देवर पप्पू सोनकर, देवरानी शोभा सोनकर और उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से लिखित शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ललिता देवी के अनुसार, उनके देवर-देवरानी पिछले कई वर्षों से अलग रह रहे हैं, लेकिन घर में हिस्सा लेने के नाम पर अक्सर विवाद करने पहुंच जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब के नशे में अभद्र गाली-गलौज करना और विरोध करने पर मारपीट करना उनकी आदत बन गई है। महिला का कहना है कि सास-ससुर के जीवित रहते ही चारों भाइयों के बीच घर और दुकान का बंटवारा हो चुका था। उस समय पप्पू सोनकर ने घर में हिस्सा लेने के बजाय दुकान अपने हिस्से में ली थी और अलग स्थान पर मकान बनाकर रहने लगा था।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : NH-33 पर नो पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, 92,650 रुपये जुर्माना वसूला
बागबेड़ा में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने पकड़ा तूल, महिला ने एसएसपी से मांगी सुरक्षा
ललिता देवी ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद पप्पू सोनकर ने उनके घर के एक कमरे में जबरन ताला लगा रखा है। उक्त कमरे को लेकर भी अक्सर विवाद होता रहता है। महिला ने कमरे में देवर की बेटी के बाहरी युवकों के साथ आने और घंटों रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध करने पर वह भी झगड़ा करने लगती है। ललिता देवी के अनुसार, पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए मामला स्थानीय ग्राम पंचायत, थाना और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), न्याय सदन तक पहुंच चुका है। विभिन्न स्तरों पर फैसले और समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन उनके आरोप के मुताबिक पप्पू सोनकर ने इन फैसलों को मानने से इनकार कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अक्सर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। इस संबंध में उन्होंने न्यायालय में भी शिकायत की है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शॉर्ट सर्किट से लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
ग्राम पंचायत से डालसा तक पहुंचा पारिवारिक विवाद, समझौते के बावजूद नहीं सुलझा मामला
महिला ने अपनी शिकायत में 28 अक्टूबर की घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया है। उनके अनुसार, उस दिन पप्पू सोनकर, उनकी पत्नी शोभा सोनकर, बेटा और बेटी उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद ललिता देवी ने बागबेड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बावजूद उन्होंने पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पारिवारिक संपत्ति विवाद की वास्तविक स्थिति की जांच करने, मारपीट की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों पर दूसरे पक्ष का पक्ष और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।























