- सिल्ली के पतराहातू स्थित आदर्श उच्च विद्यालय में सुबह-सुबह मचा हड़कंप
- ग्रामीण इलाकों में बढ़ते वन्यजीवों के खतरे
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सिल्ली : सिल्ली प्रखंड क्षेत्र के पतराहातू स्थित आदर्श उच्च विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक लकड़बग्घा स्कूल परिसर में घुस आया। जैसे ही विद्यालय खुला और बच्चे स्कूल पहुंचने लगे, जानवर को देखकर छात्र भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही पलों में पूरे स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और बच्चों व शिक्षकों में खलबली मच गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पूरे स्कूल परिसर को खाली करा लिया गया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आंगनवाड़ी कर्मियों को राज्यकर्मी का दर्जा दिए बिना झारखंड का विकास अधूरा – जेपी पांडेय
स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन और वन विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने, स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की गई है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रबंधन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले सिल्ली प्रखंड के मारदु गांव में भी एक घर में बाघ घुस आया था, जिसे वन विभाग ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
























