सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा गया आरोपी
260 ग्राम गांजा, पांच गांजा सिगरेट और नकदी जब्त
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रखने का पुलिस का दावा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एसोसिएशन ग्राउंड के पास अवैध रूप से गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता में बताया कि सदर थाना को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति क्षेत्र में गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सनहा दर्ज कर मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया, जिसमें दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी उपेन्द्र कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : आमला टोला में जंजीर से बंधी अज्ञात महिला मिली, सदर अस्पताल में भर्ती
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी, तलाशी में मिला गांजा
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सुरेश कुमार यादव (47 वर्ष), निवासी गवाला पट्टी, थाना सदर, चाईबासा के रूप में बताई। वह वर्तमान में पुलहातु क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास और उसके बताए स्थान से 70 पुड़िया गांजा, लगभग 260 ग्राम मादक पदार्थ, गांजा से भरे पांच सिगरेट (गोगो), 6,500 रुपये नकद तथा रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद सामग्री के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़, पांच तस्कर गिरफ्तार
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा आरोपी
पुलिस ने बरामद गांजा और अन्य सामग्रियों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 67/26, दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 20 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, अंचलाधिकारी उपेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी हीरालाल महतो, पुलिस अवर निरीक्षक केशव कुमार मेहता, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।























