परियोजना उल्लास के तहत मरीजों की काउंसलिंग, स्क्रीनिंग और दवा वितरण कार्यक्रम आयोजित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित मुसाबनी प्रखंड के केंदाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल से आई डॉक्टरों की टीम ने मिर्गी रोगियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। परियोजना उल्लास के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र प्रभारी डॉ सुंदर लाल मार्डी एवं बीपीएम सूरज पूर्ति की अगुवाई में पहले मरीजों की काउंसलिंग की गई, जिसके बाद एम्स दिल्ली से आई वरिष्ठ चिकित्सक डॉ ममता भूषण सिंह ने करीब 80 मिर्गी मरीजों की स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत जानकारी लेकर उनके इलाज और नियमित दवा सेवन के बारे में परामर्श दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श मिलने पर संतोष जताया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया में धूमधाम से मनी रविंद्र जयंती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
झारखंड में मिर्गी उपचार सुविधा की कमी, सरकार के आग्रह पर पहुंची विशेषज्ञ टीम

स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ सुंदर लाल मार्डी ने बताया कि झारखंड सरकार की पहल पर एम्स दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम यहां पहुंची है, ताकि डॉक्टरों के अभाव में इलाज से वंचित मिर्गी रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मिर्गी रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर इलाज उपलब्ध कराना है। इस दौरान डॉ ममता भूषण सिंह ने बताया कि मिर्गी रोग पूरे देश में पाया जाता है और कई मामलों में यह बीमारी वंशानुगत भी होती है। उन्होंने कहा कि जन्म के समय नवजात शिशु के देर से रोने, सिर में चोट लगने या मस्तिष्क में गांठ जैसी समस्याओं के कारण भी मिर्गी के लक्षण विकसित हो सकते हैं। ऐसे मरीजों में अचानक शरीर में ऐंठन होने लगती है, जिसे नियमित दवा और सही इलाज से नियंत्रित किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : विक्रमपुर सबर टोला में 22 लाख की जलमीनार मरम्मती योजना का शुभारंभ
स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी से सफल हुआ शिविर
डॉ ममता भूषण सिंह ने कहा कि मिर्गी जैसी बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों की सक्रिय रुचि बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मिर्गी को अंधविश्वास से जोड़ने के बजाय इसे सामान्य बीमारी मानकर चिकित्सकीय सलाह लें। कार्यक्रम को सफल बनाने में एम्स दिल्ली के डॉ मयंक शर्मा और डॉ हेमंत तिवारी के अलावा केंदाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ सुंदर लाल मार्डी, जिला कार्यक्रम समन्वयक हकिम प्रधान, बीपीएम सूरज पूर्ति, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ आरके पांडा, दीपक गिरी, डॉ महेश हेंब्रम, डॉ सुकांतो सीट, जितेंद सिंहदेव, सुशीला टूटू सहित एमपीडब्ल्यू एवं सहियाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में मरीज एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।























