- राजाबुरु खदान खोलने और 500 प्रभावितों को नौकरी देने की उठी मांग
- मांगें नहीं मानी गईं तो चक्का जाम की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा में राजाबुरु खदान खोलने तथा 75 प्रतिशत स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार देने की मांग को लेकर शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। मानकी मुंडा रैयत संघ के बैनर तले और काशिया पेचा गांव के मुंडा मंगता सुरीन की अध्यक्षता में 11 गांवों के मुंडा, मानकी, डाकुआ व ग्रामीणों ने सुबह 11 बजे गुवा बाजार शहीद स्थल से लगभग 500 लोगों की रैली निकाली। रैली गुवा बाजार से होते हुए स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के गुवा जनरल ऑफिस पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों ने थाली, कटोरा और गिलास बजाकर विरोध जताया। आंदोलन को झारखंड मजदूर यूनियन, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, सीटू एवं झारखंड युवा बेरोजगार संघ का समर्थन मिला।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : बेटियों के स्वास्थ्य के लिए तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट की पहल, 18,360 सेनेटरी पैड वितरित
स्थानीय अधिकारों को लेकर तेज हुआ आंदोलन

करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद 11 गांवों के प्रतिनिधियों ने सेल अधिकारियों को संयुक्त मांग पत्र सौंपा। मांगों में खदान से प्रभावित 500 स्थानीय बेरोजगारों को नौकरी, 75% स्थानीय नियोजन लागू करना, रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली, पूर्व बहाली प्रक्रिया पुनः शुरू करना और 40% महिलाओं को रोजगार देना शामिल है। साथ ही कारो नदी को प्रदूषण से बचाने, हैंड माइनिंग लागू करने तथा सीएसआर व डीएमएफटी फंड का ग्राम सभा के माध्यम से पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की गई। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि पांच दिनों में सकारात्मक पहल नहीं होने पर जनरल ऑफिस के समक्ष भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो खदान का चक्का जाम कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।























