- परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय में छात्रों ने प्रस्तुत किए वैज्ञानिक मॉडल
- पौधारोपण के साथ स्वच्छता पखवाड़ा का समापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय जादूगोड़ा में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीिल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. कंचम आनंद राव ने फीता काटकर किया। इससे पूर्व उन्होंने महान वैज्ञानिक सी.वी. रमन को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. राव ने छात्रों को संबोधित करते हुए रमन प्रभाव की खोज और उसके वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रमन प्रभाव के लिए वर्ष 1930 में सी.वी. रमन को नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर के बालिगुमा बस्ती में घर में लगी आग, लाखों का नुकसान
रमन प्रभाव पर छात्रों को दिया प्रेरक व्याख्यान
डॉ. राव ने अपने संबोधन में समझाया कि समुद्र का गहरा नीला रंग रमन प्रभाव का प्रत्यक्ष उदाहरण है, जो सूर्य के प्रकाश के अप्रत्यास्थ प्रकीर्णन के कारण दिखाई देता है। उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के क्षेत्र में महिला वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान दिवस का उद्देश्य लैंगिक अंतर को कम करना भी है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर यूसीिल में चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा का समापन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेश्वर आर. मोहरीर, प्रधानाध्यापिका सुचित्रा कुंवर तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। छात्रों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।























