जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : परसुडीह स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में रविवार को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कबीर पंथी समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ आश्रम के महंत एवं सद्गुरु कबीर सेवा समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित भक्तों और श्रद्धालुओं ने “साहिब बंदगी” के जयघोष के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं। पूरा आश्रम परिसर रंगों और उल्लास से सराबोर नजर आया। अपने संबोधन में आश्रम के महंत ने वसंत ऋतु और होली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वसंत पंचमी के आगमन के साथ ही जीवन में नई ऊर्जा, नई उमंग और सकारात्मकता का संचार होता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : राजाबुरु खदान में रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन जारी
होली का पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि मन के विकारों को त्यागकर प्रेम, एकता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। समारोह के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते नजर आए। कबीर के भजनों और पारंपरिक होली गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी ज्वाला सिंह और बलराम साहू की अहम भूमिका रही। वहीं सद्गुरु कबीर सेवा समिति की सदस्य प्रेमा साहू, पूर्णिमा साहू, लक्ष्मी साहू, मेघा सिंह, नंदिनी साहू, भावना साहू, विवेक कुमार, शेखर साहू, शंकर लोधी, माखन साहू, पप्पू साहू और रमेश साहेब समेत अन्य गणमान्य लोगों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।























