- जमशेदपुर के बिष्टुपुर में सिंहभूम चैंबर का एक दिवसीय प्रदर्शन, बड़ी संख्या में शामिल हुए सदस्य
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के द्वारा एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क के समीप आयोजित इस धरना में चैंबर के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। धरना के माध्यम से चैंबर के सदस्यों ने सरकार से धालभूमगढ़ में जल्द से जल्द एयरपोर्ट निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई। इस दौरान चैंबर के सदस्यों ने कहा कि जमशेदपुर एक बड़ा औद्योगिक शहर होने के बावजूद यहां अब तक विमान सेवा की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन के विकास पर असर पड़ता है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : राखा माइंस स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस ठहराव का शुभारंभ आज, सांसद विद्युत महतो दिखाएंगे हरी झंडी
2019 में हुआ था शिलान्यास, सरकार बदलने के बाद ठप पड़ा है निर्माण कार्य
चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि वर्ष 2019 में जमशेदपुर के धालभूमगढ़ क्षेत्र में एयरपोर्ट का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के द्वारा किया गया था। लेकिन शिलान्यास के कुछ समय बाद ही राज्य में चुनाव हो गया और सरकार बदल गई, जिसके बाद से अब तक एयरपोर्ट निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे बड़े शहर में आज तक बड़े विमान तो दूर, डोमेस्टिक एयरक्राफ्ट के उतरने की भी सुविधा नहीं है, जबकि इससे छोटे शहरों में भी एयरपोर्ट मौजूद हैं। धरना के दौरान चैंबर के द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षरों की प्रति और मांग पत्र राज्य के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा, ताकि एयरपोर्ट निर्माण का काम जल्द शुरू हो सके।























