- सेंट्रल गुरुद्वारा के पीछे कबाड़ में लगी आग ने पकड़ी विकराल रूप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा के पीछे शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा के पीछे खाली जगह में रखे कचरे और कबाड़ में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने बगल में खड़ी बाइक और साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पांच बाइक और एक साइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने धुआं और लपटें उठती देख तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर चैंबर का धरना, हस्ताक्षर अभियान भी चलाया
दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि जली हुई बाइक टाटा स्टील के कर्मचारियों की थी, जिन्होंने अपनी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी कर कंपनी में काम पर चले गए थे। जिन कर्मचारियों की बाइक जलकर खाक हो गई उनमें राजेश शर्मा, सतीश कुमार समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।























