- 14 मार्च को होने वाले राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर को लेकर विभागों को दिए गए निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार और जिला प्रशासन पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में 14 मार्च 2026 को सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के वर्चुअल उद्घाटन और राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जिला स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी और स्टॉल लगाने के साथ-साथ कार्यक्रम में लाभान्वित किए जाने वाले अधिक से अधिक लाभुकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही परिसंपत्ति वितरण से संबंधित सूची भी तैयार कर जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बोड़ाम में चोरों का आतंक, ताला तोड़कर पांच खस्सी की चोरी
विभागीय समन्वय और व्यवस्थाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के पात्र लाभुकों की पहचान कर उनकी सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, विभागीय समन्वय, स्टॉल की व्यवस्था, लाभुकों की उपस्थिति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य शमद, आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह, डीआईओ एनआईसी किशोर प्रसाद सहित जेएसएलपीएस, शिक्षा, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, भूमि संरक्षण, मत्स्य, स्वास्थ्य, श्रम, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा विभाग, अग्रणी बैंक प्रबंधक, आधार पंजीकरण, सहकारिता, कल्याण, आपूर्ति, बाल संरक्षण और जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।






















