- आंधारझोर गांव के केंदडीह टोला में देर रात वारदात, करीब एक लाख रुपये का नुकसान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र के आंधारझोर गांव स्थित केंदडीह टोला में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर पांच खस्सी (बकरी) की चोरी कर ली। चोरी की इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। चोरी गए खस्सियों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सातनाला–बोड़ाम मुख्य सड़क किनारे रहने वाले आशुतोष महतो ने ईद के बाजार को ध्यान में रखते हुए पांच खस्सी पाल रखे थे। शुक्रवार रात अन्य दिनों की तरह उन्होंने बाउंड्री गेट में ताला बंद किया और परिवार के साथ घर में सो गए। रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोर चार पहिया वाहन से पहुंचे और बाउंड्री में लगे ग्रिल का ताला तोड़कर खस्सियों को वाहन में लादकर फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें : Potka : धान भुगतान में देरी पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, तीन दिन में पैसा नहीं तो होगा आंदोलन
सुबह ताला टूटा देख खुला चोरी का राज, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
शनिवार सुबह करीब पांच बजे परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी तब हुई जब उन्होंने बाउंड्री गेट का ताला टूटा हुआ देखा और अंदर बंधे खस्सी गायब पाए। इसके बाद आशुतोष महतो ने तुरंत बोड़ाम थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। ग्रामीणों के अनुसार चोर पहले पास में रहने वाले राजू महतो के घर में भी घुसे थे, लेकिन वहां खस्सी पास में नहीं मिलने और घर के अंदर लोगों के सोए होने के कारण वे बाहर से दरवाजे की सिकड़ी बंद कर वहां से निकल गए। इसके बाद चोरों ने आशुतोष महतो के घर को निशाना बनाया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा में महिला से छेड़खानी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
गौरतलब है कि इससे पहले भी एक मार्च को बोड़ाम बाजार में शटर का ताला तोड़कर विदेशी शराब की दुकान से नकदी समेत लाखों रुपये की चोरी की घटना हुई थी। उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इधर शनिवार सुबह सूचना मिलने के बाद बोड़ाम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।






















