- मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल
- एएनसी जांच से गर्भवती महिलाओं को मिल रही जरूरी स्वास्थ्य सुविधा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सोमवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं जांच कराने पहुंचीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति की जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित कर मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आजादनगर में ज्वेलरी दुकानदार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, रुपये लेने के बाद भी नहीं दिए गहने
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने की पहल
शिविर के दौरान एएनएम नीलम टप्पो ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि देशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अब नियमित रूप से एंटीनेटल केयर (ANC) जांच की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर, एचआईवी, ब्लड प्रेशर, यूरिन टेस्ट और वजन जैसी जरूरी जांच निःशुल्क की जा रही है। ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर से ग्रामीण महिलाओं को काफी लाभ मिल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही इतनी व्यापक जांच सुविधा मिलने से उन्हें शहर जाने की परेशानी से राहत मिली है।






















