- जयंती के अवसर पर ग्रामीण स्वावलंबन की दिशा में नई पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल में महान समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की 116वीं जयंती के अवसर पर 23 मार्च को ‘डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र’ का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा। यह पहल उनके ग्रामीण स्वावलंबन के अधूरे सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के उद्योग एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव शामिल होंगे। वहीं उद्घाटनकर्ता के रूप में पूर्व मंत्री दिनेश कुमार षड़ंगी और कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह करेंगे। इस आयोजन का संचालन डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में भव्य आभार मिलन समारोह, संगठन की एकजुटता को मिला सम्मान
युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर
इस प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही यहां शोधार्थियों के लिए एक आधुनिक पुस्तकालय की भी स्थापना की जाएगी, जिससे बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना डॉ. लोहिया के निधन के 59 वर्षों बाद उनके सामाजिक और आर्थिक स्वावलंबन के विचारों को जमीन पर उतारने का प्रयास है। समारोह में विधायक समीर कुमार मोहंती, सरयू राय, रामचंद्र केसरी, ओडिशा के पूर्व मंत्री प्रवीण चंद्र भंजदेव, साहित्यसेवी संदीप मुरारका सहित कई गणमान्य लोग और समाजवादी विचारक उपस्थित रहेंगे।
























