- देवेंद्र नाथ महतो बोले—रक्तदान के प्रति सही जानकारी और जागरूकता जरूरी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : सोनाहातु के बाजारटांड़ में पूज्य गुरुदेव राष्ट्रीय संत असंग देव जी के सत्संग समापन अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के सहयोग और नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रक्तदाताओं ने उत्साह और जागरूकता के साथ भाग लेते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। शिविर में स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान कुल 56 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे सदर अस्पताल, रांची के ब्लड सेंटर को सौंपा गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को उनके रक्त समूह के अनुसार समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में 7वां ‘देशुआ सरहुल’ पूजा हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न
नियमित रक्तदान से जीवन बचाने के साथ स्वास्थ्य भी रहता है बेहतर
इस अवसर पर स्वयं रक्तदान करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर सही जानकारी और जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि 18 से 60 वर्ष के स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल दूसरों का जीवन बचता है बल्कि दान करने वाले का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। शिविर में कई नियमित रक्तदाताओं ने भी हिस्सा लिया, जिनमें धनेश कुशवाहा ने 42वीं बार, सुरेंद्र महतो ने 22वीं बार, रूपेश कुशवाहा ने 15वीं बार और हरेश महतो ने 25वीं बार रक्तदान किया। इसके अलावा कई अन्य लोगों ने भी भाग लेकर मानवता का परिचय दिया।

























