- भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के बीच मां दुर्गा की आराधना, पूरे क्षेत्र में बना उत्सव का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के योगनगर क्षेत्र में चैती मां दुर्गा पूजा इस वर्ष पूरे धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। गुरुवार को महाअष्टमी के अवसर पर पूजा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं और पुरुष उपवास रखकर मां की आराधना में लीन रहे। दुर्गा सप्तशती के पाठ, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली, जो पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर पूजा में शामिल हुईं।
इसे भी पढ़ें : Gua : महानवमी पर वन देवी मंदिर में कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन
महाअष्टमी पर योगनगर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पूजा संपन्न होने के बाद मां दुर्गा को महाभोग के रूप में खिचड़ी अर्पित की गई और फिर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई, जिससे किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। पूरे योगनगर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साहित नजर आए। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।























