- ट्रैक, सिग्नलिंग और वर्कशॉप सुविधाओं का लिया जायजा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने गुरुवार को खड़गपुर मंडल का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न परिचालन और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शालीमार–संत्रागाछी–पांसकुड़ा–खड़गपुर खंड का रियर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खड़गपुर वर्कशॉप पहुंचकर रिवाइंडिंग सेक्शन और नव-नवीनीकृत ब्रेक वैन सेक्शन का अवलोकन किया। इसके अलावा एनएमजीएचएस कोच कन्वर्जन सुविधा और एलएचबी एसी कोच के पीरियॉडिकल ओवरहॉलिंग (POH) सुविधाओं की समीक्षा करते हुए रखरखाव और तकनीकी उन्नयन में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : झामुमो की बैठक में नए निर्वाचित प्रतिनिधियों का सम्मान, सद्दाम हुसैन ने झामुमो का दामन थामा
समीक्षा बैठक में परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं पर चर्चा
निरीक्षण के पश्चात डीआरएम कार्यालय के वॉर रूम में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंडल के प्रदर्शन, चल रही परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने विशेष रूप से सुरक्षा, परिचालन दक्षता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने राजभाषा विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक “खड़गपुर मंडलः विरासत की नींव और आधुनिकता की उड़ान” का विमोचन भी किया। साथ ही डीआरएम कार्यालय के पुनर्विकसित सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।























