एनएच-18 पर कम दृश्यता बनी हादसे की बड़ी वजह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें कोहरे और तेज रफ्तार ने मिलकर बड़ा खतरा पैदा कर दिया। होटल ओम कृष्ण के पास सड़क किनारे खड़े एक टैंकर में तेज गति से आ रही कार जा घुसी, जिससे कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बहरागोड़ा निवासी दो युवक पश्चिम बंगाल से अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब 3 बजे घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता लगभग शून्य के बराबर थी। इसी दौरान चालक को सड़क किनारे खड़ा टैंकर दिखाई नहीं दिया और कार अनियंत्रित होकर उसके पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
इसे भी पढ़ें : +Kharagpur : खड़गपुर मंडल के निरीक्षण पर जीएम अनिल कुमार मिश्रा, सुरक्षा और आधुनिकीकरण पर दिया जोर
पुलिस की तत्परता से बची जान, कटक किया गया रेफर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने मानवता और सतर्कता का परिचय देते हुए घायलों को तुरंत सहायता पहुंचाई। एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिसकर्मियों ने अपने वाहन से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया। कार की अगली सीट पर बैठे सौरभ मंडल को गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे युवक को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सौरभ मंडल को बेहतर इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर किया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उन्हें उच्च स्तरीय उपचार के लिए कटक भेज दिया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।























