- मानगो क्षेत्र में कई दिनों से दूषित पानी मिलने से लोग परेशान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो स्थित चेपापुल के पास गुलजार बाग कॉलोनी में इन दिनों नल से गंदा पानी सप्लाई होने की समस्या से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी मोहम्मद मारुख अंसारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से घरों में दूषित और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर बस्तीवासियों ने मानगो नगर निगम कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थिति जस की तस बनी रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
इसे भी पढ़ें : Baragoda : बहरागोड़ा में रामनवमी की धूम, भक्ति और शौर्य प्रदर्शन से गूंजा क्षेत्र
नेता ने किया निरीक्षण, जल्द समाधान की मांग
मामले की जानकारी मिलने पर झामुमो नेता उज्ज्वल दास ने शुक्रवार को गुलजार बाग कॉलोनी पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्या की गंभीरता को समझा और संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की। उज्ज्वल दास ने कहा कि दूषित पानी की सप्लाई से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस दौरान वाजिद अली, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद हाफिज और जावेद खान सहित कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।






















