- एनएच-49 पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के तीन लोग समेत चार की हालत गंभीर
- पुलिस जांच में जुटी, फरार ट्रक की तलाश जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडामौदा चौक के पास बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो चालक हराधन पाईकिरा (35) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी यात्री बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
इसे भी पढ़ें : Chhatisgarh : छत्तीसगढ़ में 27 नक्सलियों ने हथियार और 7 किलो सोने के साथ किया आत्मसमर्पण
हादसे ने छीनी एक और जिंदगी, हाईवे पर सुरक्षा पर सवाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खंडामौदा निवासी प्रदीप बेरा (38) अपनी पत्नी सविता बेरा (27) और छह वर्षीय बेटे शुभम बेरा के साथ इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही मनोरंजन सीट (40) भी सवार थे। सभी लोग सामान्य रूप से सफर कर रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में ही एक दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है। जैसे ही टेंपो खंडामौदा चौक के पास पहुंचा, पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे पूरा परिवार और अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में मां मंगला की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
इलाज के लिए निकले थे, रास्ते में हुआ हादसा
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत साहस दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को टेंपो से बाहर निकाला गया और NHAI एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सविता बेरा और मनोरंजन सीट की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार ट्रक की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।























