- फंड ट्रांसफर और ट्रस्ट बंद करने के फैसले के खिलाफ श्रमिकों ने उठाई आवाज
- मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के मेघाहातुबुरु में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की अगुवाई में मजदूरों ने सेल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महासचिव आफताब आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रमिक जनरल ऑफिस के समक्ष जुटे और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने महाप्रबंधक (एचआर) अमित विश्वास को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी मजदूरों ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन कर्मचारियों की जमा राशि को बिना उनकी सहमति के NPS में स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है। उनका कहना है कि SESBF और NPS दो अलग-अलग योजनाएं हैं और SESBF एक ट्रस्ट आधारित फंड है, जिसमें कर्मचारियों के वेतन से हर महीने 2 प्रतिशत की कटौती की जाती है।
इसे भी पढ़ें : Gua : जगन्नाथपुर की छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के लिए जमशेदपुर रवाना
बिना सहमति फंड ट्रांसफर का विरोध तेज
मजदूरों ने 5 मार्च 2026 को जारी सर्कुलर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें 1 अप्रैल 2026 से SESBF ट्रस्ट को बंद करने की बात कही गई है, लेकिन कर्मचारियों की जमा राशि के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं। साथ ही NPS में योगदान के लिए सहमति मांगी गई है, लेकिन पुराने फंड के ट्रांसफर के लिए अनुमति नहीं ली गई। संघ ने इसे कर्मचारियों के अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए मांग की कि यदि ट्रस्ट समाप्त किया जाता है तो पूरी राशि ब्याज सहित लौटाई जाए। प्रदर्शन के दौरान ठेका मजदूरों ने समान वेतन, स्थानीय लोगों को रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की भी मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।























