- नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ विस्फोट, एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में CRPF का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब चाईबासा पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान के तहत सर्च ऑपरेशन चला रही थी। गश्ती के दौरान अचानक जवान का पैर जमीन में छिपाए गए IED पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तीव्र था कि जवान के पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए घायल साथी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
इसे भी पढ़ें : Musabani : विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के प्रयास से दिव्यांग आनंद नारायण देव को मिली व्हीलचेयर
रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, नक्सलियों की घेराबंदी के लिए बढ़ी सुरक्षा
घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय हरकत में आए और घायल जवान को बेहतर इलाज दिलाने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई। प्राथमिक उपचार घटनास्थल पर ही दिया गया, जिसके बाद उसे चाईबासा से रांची एयरलिफ्ट कर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे सारंडा और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस बल और CRPF की टुकड़ियों को तैनात किया गया है ताकि नक्सलियों की घेराबंदी की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं नक्सलियों की हताशा को दर्शाती हैं, लेकिन सुरक्षा बल पूरी सतर्कता और रणनीति के साथ अभियान जारी रखेंगे।























