- पोटका में मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने SSP को सौंपा पत्र, कार्रवाई की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र में नाबालिग बच्चों द्वारा बाइक चलाने और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता गहराती जा रही है। भाजपा नेत्री सह हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि सरकारी और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले कई नाबालिग छात्र नियमों का उल्लंघन करते हुए बाइक से स्कूल आ-जा रहे हैं। हाल के दिनों में ट्रिपल सवारी करते हुए नाबालिगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो चुके हैं। उन्होंने इसे गंभीर स्थिति बताते हुए कहा कि इससे बच्चों का जीवन और भविष्य दोनों खतरे में पड़ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सोनारी में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, प्रशासन की सख्त कार्रवाई
जागरूकता के साथ सख्त कार्रवाई की मांग, दोहराने पर कड़ी सजा की अपील
देवी कुमारी भूमिज ने प्रशासन से मांग की है कि नाबालिगों के बाइक चलाने पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि पहली बार पकड़े जाने पर अभिभावकों को चेतावनी दी जाए और बच्चों को जागरूक किया जाए, लेकिन दोबारा नियम तोड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम से न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि उनके परिवारों को भी अनहोनी से बचाया जा सकेगा। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को कम उम्र में वाहन चलाने की अनुमति न दें और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।























