- जिला मुख्यालय पर नारेबाजी, अधिकारों में कटौती का लगाया आरोप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : ट्रांसजेंडर बिल 2026 के विरोध में किन्नर समुदाय ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिल को समुदाय के हितों के खिलाफ बताया। किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रस्तावित बिल उनके अधिकारों को सीमित करता है और उनकी पहचान व स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कानून को लागू करने से पहले समुदाय की राय लेना जरूरी है, ताकि उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसे भी पढ़ें : Potka : कोवाली थाना प्रभारी का जागरूकता अभियान, छात्रों को नशा और बाल विवाह से दूर रहने की सीख
नालसा फैसले का दिया हवाला, संवाद के बाद ही निर्णय की मांग
प्रदर्शनकारियों ने वर्ष 2014 के NALSA vs Union of India judgment का हवाला देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले में ट्रांसजेंडर समुदाय को तृतीय लिंग के रूप में मान्यता दी गई थी। उनका कहना है कि प्रस्तावित बिल उस निर्णय की भावना के अनुरूप नहीं है। प्रदर्शन के दौरान किन्नरों ने अपने पारंपरिक अंदाज में विरोध जताते हुए सरकार से इस बिल को वापस लेने की मांग की। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि समुदाय के साथ संवाद स्थापित कर उनकी सहमति से ही कोई भी नया कानून बनाया जाए, ताकि उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा हो सके।























